न्यूजीलैंड का भारत दौरा समाप्त हो गया है और ये दौरान काफी निराशा से भरा रहा, क्योंकि टीम एक भी मैच इस दौरे पर नहीं जीत पाई। हालांकि, टीम ने एक टेस्ट मैच को ड्रा कराने में सफलता हासिल की। वहीं, मुंबई टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड की टीम चारों खाने चित हो गई। इस मैच में प्लेयर आफ द मैच मयंक अग्रवाल रहे, जिन्होंने पहली पारी में 150 और दूसरी पारी में 62 रन बनाए। लंबे समय के बाद मयंक अग्रवाल के बल्ले से शतक देखने को मिला।
वहीं, प्लेयर आफ द सीरीज का खिताब स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को मिला, जिन्होंने कानपुर टेस्ट मैच में 6 और मुंबई टेस्ट मैच में 8 विकेट अपने नाम किए। इस तरह कुल 14 विकेट अश्विन ने इस सीरीज में झटके। इसके अलावा उन्होंने कानपुर टेस्ट मैच की पहली पारी में 38 और दूसरी पारी में 32 रन बनाए थे। वहीं, मुंबई टेस्ट मैच में उनको पहली पारी में मौका मिला, जिसमें वे बिना खाता खोले आउट हो गए। ये टेस्ट क्रिकेट में उनका 9वां प्लेयर आफ द सीरीज अवार्ड है।
आर अश्विन इस समय टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार प्लेयर आफ द सीरीज रहने वाले दुनिया के संयुक्त रूप से दूसरे खिलाड़ी हैं। उनसे ज्यादा सिर्फ 11 बार मुथैया मुरलीधरन ने ये कमाल किया है। वहीं, जैक कैलिस और आर अश्विन 9-9 बार टेस्ट क्रिकेट में प्लेयर आफ द सीरीज का खिताब अपने नाम कर चुके हैं। 8-8 बार प्लेयर आफ द सीरीज टेस्ट क्रिकेट में आस्ट्रेलिया के शेन वार्न, पाकिस्तान के इमरान खान और न्यूजीलैंड के रिचर्ड हेडली रहे हैं, जिन्हें अब अश्विन ने पीछे छोड़ दिया है।