डॉक्टर को जिलाबदर किया कलेक्टर ने, कानून-व्यवस्था में डाल रहा था बाधा

भिलाई। दुर्ग जिला प्रशासन और पुलिस ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले एक कुख्यात बदमाश पर बड़ी कार्रवाई की है। नंदिनी नगर क्षेत्र में क्लीनिक की आड़ में दबंगई और मारपीट कर दहशत फैलाने वाले डॉ. दुष्यंत खोसला को एक साल के लिए जिलाबदर किया गया है। दुर्ग जिलाधीश ने पुलिस के प्रतिवेदन पर यह आदेश जारी किया। पुलिस के मुताबिक, डॉ. दुष्यंत खोसला नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के अहिवारा में एक क्लीनिक चला रहा था। हालांकि, वह इलाज के बजाय अपनी दबंगई और आपराधिक गतिविधियों के लिए जाना जाता था।

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि वह लोगों को बेवजह डराता-धमकाता था, मारपीट करता था और अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर इलाके में भय का माहौल बनाता था। डॉ. दुष्यंत खोसला के खिलाफ नंदिनी नगर थाने में मारपीट, धमकी और उपद्रव से संबंधित कुल 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। लगातार शिकायतों के बाद पुलिस ने उसे “गुंडा बदमाश” की सूची में शामिल किया था। पुलिस का उद्देश्य उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखना और उसे सुधार का अवसर देना था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, चेतावनी और निगरानी के बावजूद डॉ. खोसला समाज विरोधी गतिविधियों में लगातार शामिल रहा। लोगों में भय फैलाने की उसकी हरकतें जारी रहीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, दुर्ग पुलिस ने उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई का निर्णय लिया और जिलाधीश दुर्ग को जिलाबदर की अनुशंसा करते हुए एक विस्तृत प्रतिवेदन भेजा।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *