कोरबा। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के बरपारा कोहड़िया में सूने मकान की खिड़की तोड़कर चोरों ने नकद समेत जेवरात की चोरी की। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस जुर्म दर्ज कर पतासाजी कर रही है। पुलिस ने बताया कि बरपारा कोहड़िया के बाबाडेरा बस्ती निवासी संजय केंवट घंटाघर चौपाटी में ठेला लगाता है।
18 दिसंबर को वह परिवार के साथ चांपा में परिजन के घर गया था। वहां से घर लौटने पर चोरी का पता चला। घर की अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। पेटी भी गायब थी। इसकी सूचना सीएसईबी चौकी पुलिस में दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। जांच के दौरान मकान से कुछ दूरी पर पेटी मिली। इसमें से 70 हजार नकद समेत सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए गए थे।