बाबा घासीदास जयंती समारोह, विधायक भावना बोहरा ने की पूजा-अर्चना

कोसमंदा। इंदौरी मंडल अंतर्गत ग्राम कोसमंदा में सतनाम धर्म के प्रवर्तक एवं महान आध्यात्मिक गुरु परम पूज्य बाबा घासीदास जी की जयंती श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित सतनाम समाज के विशेष समारोह में विधायक भावना बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को गुरु प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए बाबा घासीदास जी के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने बाबा घासीदास जी की

विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि बाबा घासीदास जी ने समाज को सत्य, अहिंसा और समानता का मार्ग दिखाया। उनके उपदेश केवल सतनाम समाज के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विधायक बोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा घासीदास जी के अमूल्य वचन आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। जितने उस दौर में थे।

उन्होंने मानव कल्याण, सामाजिक समरसता, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। बाबा जी ने भेदभाव रहित समाज की कल्पना की थी, जहां सभी लोग समान अधिकारों के साथ जीवन व्यतीत कर सकें। आज के समय में उनके विचार सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं में बाबा घासीदास जी का विशेष स्थान है। सतनाम पंथ ने प्रदेश में सामाजिक चेतना जगाने का कार्य किया है। बाबा जी के बताए मार्ग पर चलकर समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर किया जा सकता है और एक सशक्त, संगठित समाज का निर्माण संभव है। समारोह में सतनाम समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीणजन और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान

भजन-कीर्तन, प्रवचन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा घासीदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। अंत में विधायक भावना बोहरा ने सतनाम समाज द्वारा किए जा रहे सामाजिक और धार्मिक कार्यों की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से बाबा घासीदास जी के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *