नाबालिग समेत 5 गिरफ्तार रायपुर में पेट्रोल पंप पर चोरी और लूट की दो अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने एक नाबालिग समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी और लूट के मोबाइल फोन, कैश, 2 दोपहिया वाहन जब्त की है, जिनकी कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है। इन बदमाशों ने आरती फ्यूल्स KSK और मां शीतला फ्यूल्स पेट्रोल पंप को निशाना बनाया था। .
यह मामला मुजगहन थाना क्षेत्र का है। लूट की पहली घटना पुराना धमतरी रोड पर स्थित पेट्रोल पंप पर हुई। अश्वनी त्रिवेन्द्र ने 23 अक्टूबर 2025 को मुजगहन थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक अश्वनी त्रिवेन्द्र का पुराना धमतरी रोड पर “आरती फ्यूल्स KSK” नाम से पेट्रोल पंप है। 22-23 अक्टूबर 2025 की रात अश्वनी पेट्रोल पंप पर अकेले थे। उन्होंने ऑफिस का दरवाजा बंद कर सो गए, लेकिन पंप के मेन लॉक को बंद नहीं किया था।
सुबह जब उन्होंने ऑफिस देखा तो चिल्लर का डिब्बा गायब था। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक किया, जिसमें तड़के 4:19 बजे दो लड़के बाइक से आते दिखे। वे खुद ही पेट्रोल भरकर चले गए। कुछ देर बाद फिर दो लड़के बाइक से आए। वे पंप चालू करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पंप चालू नहीं हुआ।
इसी दौरान उनमें से एक लड़का ऑफिस का दरवाजा खोलकर अंदर गया और खिड़की के पास रखी टाइटन घड़ी, दो डिब्बों में रखी चिल्लर रकम, 40 लीटर पेट्रोल, तीन मोबाइल फोन और एक पर्स जिसमें क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और वोटर ID चोरी कर ले गया। इसके बाद अश्वनी ने पुलिस स्टेशन में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।