रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेश के सभी महापौरों और निकाय अध्यक्षों को पत्र लिखकर स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 के तहत “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के क्रियान्वयन के लिए कहा है। स्वच्छता हमारी संस्कृति और संस्कार का प्रतीक रहा है। हमारे स्वभाव और संस्कार में स्वच्छता की जड़ें प्राचीन समय से जुड़ी हुई हैं स्वच्छता वह संस्कार है, जो हमें हमारे पूर्वजों से मिला है, जो हम अपने युवा पीढ़ी को उनके भविष्य और समाज को स्वस्थ तथा अपने नगरों की स्वच्छ छवि की पहचान प्रदान करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
यह मेरे लिए गौरव का विषय है कि राज्य के नगरीय निकायों ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय पटल पर स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ राज्य को गौरान्वित किया है एवं समस्त राज्यों के मध्य छत्तीसगढ़ ने अपनी सशक्त पहचान स्थापित की है जहाँ एक ओर हमारे 3 शहरों अम्बिकापुर, पाटन एवं बिश्रामपुर ने देश के स्वच्छतम 23 शहरों की “सुपर स्वच्छ लीग में स्थान प्राप्त करते हुए महामहिम राष्ट्रपति महोदया से पुरस्कार प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है, वहीं दूसरी ओर हमारे 3 अन्य शहर बिलासपुर कुम्हारी एवं बिल्हा ने अपनी जनसंख्या श्रेणियों में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करते हुए महामहिम राष्ट्रपति महोदया से “स्वच्छ शहर के पुरस्कार प्राप्त किये हैं। साथ ही राजधानी रायपुर को माननीय केन्द्रीय मंत्री, भारत सरकार, आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा ‘प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर के पुरस्कार का सम्मान प्राप्त हुआ। इन 7 शहरों को मिले पुरस्कार एवं सम्मान हेतु मैं हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान करता हूँ।
