नदी के पास खेलने गए 4 बच्चे पानी में डूबे, एक किलोमीटर दूर मिले शव

भुवनेश्वर: ओडिशा में कटक शहर के पास महानदी में डूबने से 4 बच्चों की मौत हो गई है। पुलिस ने शनिवार को इस संबंध में जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को बच्चों के शव नदी से बाहर निकाले गए। उन्होंने बताया कि 12 से 14 साल की उम्र के ये लड़के शहर के पोटापोखरी इलाके के निवासी थे। बच्चे गुरुवार दोपहर को नदी के पास खेलने गए थे।
पुलिस उपायुक्त प्रतीक सिंह ने बताया कि जब शाम तक लड़के घर वापस नहीं आए, तो परिवार के सदस्यों ने इलाके में उनकी खोजबीन की और घर से लगभग दो किलोमीटर दूर गांधीपल्ली के पास नदी किनारे उनकी साइकिलें खड़ी देखी। उन्होंने बताया कि पुलिस को रात 9 बजे सूचित किया गया और इसके बाद दमकल और ओडिशा आपदा मोचन कार्य बल के कर्मियों ने तलाश अभियान चलाया और रात 11 बजे एक शव बरामद किया। यह शव उस जगह से लगभग एक किमी दूर बरामद हुआ, जहां से लड़के लापता हुए थे।
चौलियागंज थाने के इंस्पेक्टर एस राउत ने बताया कि तलाश अभियान रात भर जारी रहा और शुक्रवार सुबह बाकी बच्चों के शव भी बरामद कर लिए गए। उन्होंने बताया कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि लड़के डूबे कैसे। शवों का पोस्टमार्टम कर दिया गया है और शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *