कोरबा, कोरबा में मधुमक्खियों के झुंड ने एक 75 साल की बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। ग्राम बनधवाभाठा में सिहारिन बाई अपने बेटे के साथ खेत में काम कर रही थीं। तभी अचानक मधुमक्खियों का झुंड आ पहुंचा।
मामला उरगा थाना क्षेत्र का है। हमले के बाद सिहारिन वहीं गिर गई थी। जिसके बाद बेटा अपने कंधे पर लादकर मां को घर लाया। वहां से उसे अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है सिहारिन बाई और उनका बेटा सुरेश यादव दोनों अलग-अलग खेतों में काम कर रहे थे। अचानक सिहारिन बाई के चिल्लाने की आवाज सुनकर सुरेश दौड़कर वहां पहुंचा। उसने देखा कि मधुमक्खियों का झुंड उनकी मां पर हमला कर रहा था और वह खेत में गिर गई थीं।
सुरेश किसी तरह अपनी मां को कंधे पर लेकर घर की ओर भागा। इस दौरान मधुमक्खियों ने उसे भी काटा और झुंड गांव तक पहुंच गया। परिजन तुरंत निजी वाहन से सिहारिन बाई को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। जहां उसकी जान चली गई।
मृतक के दामाद संत राम ने बताया कि जिस खेत के पास वे काम कर रहे थे, वहां पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता था। उन्होंने बताया कि एक या दो मधुमक्खियों के काटने से आमतौर पर मौत नहीं होती, लेकिन झुंड के एक साथ हमला करने से यह घटना हुई।