कुम्हारी । छत्तीसगढ़ शासन की महत्वपूर्ण चावल उत्सव योजना एक जून 2025 से प्रारम्भ होकर 7 जून तक चलने वाले इस योजना का हितग्राहियों द्वारा भरपूर लाभ लिया जा रहा है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति, पुनर्वास एवं नियोजन विभाग प्रभारी उमाकांत साहू ने बताया कि नगर में पंद्रह शासकीय उचित मूल्य की दुकान संचालित की जा रही है। उक्त दुकानों में चौबीस वार्ड के पात्र हितग्राहियों द्वारा लाभ लिया जा रहा है। लगभग पांच – छः सौ हितग्राही प्रत्येक शासकीय उचित मूल्य की दुकान से लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण योजनान्तार्गत तीन माह का राशन चावल एक माह में ही वितरित किया जा रहा है । कुम्हारी नगर पालिका क्षेत्रांतर्गत समस्त राशन दुकानों में प्रदेश सरकार के आदेशानुसार चावल उत्सव मनाया जा रहा है, जिसमें राशनकार्डधारी हितग्राहियों को तीन माह का चावल एकसाथ ही प्रदान किया जा रहा है । इस दौरान पात्र राशनकार्डधारी परिवारों को जून, जुलाई और अगस्त 2025 की राशन सामग्री विशेष रूप से चावल एकमुश्त रूप से वितरित की जा रही है। गुरुवार को कुम्हारी स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान पर जनप्रतिधि वार्ड पार्षद एवं नगर के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा चावल उत्सव में सम्मिलित होकर हितग्राहियों को तीन माह का चावल एकमुश्त वितरित किया गया, वहीं राशन दुकान संचालकों को हिदायत दी गई कि समस्त राशनकार्ड धारियों को समय पर तय मात्रा में राशन उपलब्ध कराया जाए। भ्रष्टाचार रोकने और शासकीय उचित मूल्य की दुकान संचालकों की मनमानी की जाँच करने नगरपालिकाध्यक्षा मीना वर्मा के नेतृत्व में पी आई सी सदस्य पार्षद अश्विनी देशलहरे, डिकेश पटेल, कुम्हारी भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिन्हा, भाजपा नेता फिंगेश्वर साहू ने संयुक्त रूप से विभिन्न राशन दुकानों का निरीक्षण किया गया। हितग्राहियों से भी जानकारी ली गई जिसमें सभी ने राशन की उपलब्धता और माप तौल के संबंध में संतोष व्यक्त किया गया।