कोरबा। शॉर्ट सर्किट के कारण गुरुवार रात अचानक एक ट्रक में आग लग गई। एसईसीएल गेवरा खदान में सैंपल चेकिंग के दौरान यह घटना हुई। कोयले से भरी ट्रक लाइन में खड़ी थी। पीछे लाइन से कई ट्रक खड़े थे। आग की चपेट में आने से ट्रक में लदा कोयला जलने लगा। मौके पर कई अन्य कोयला लदे ट्रक में आग के फैलने का खतरा देखते हुए सभी ट्रकों को तुरंत वहां से हटाया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसईसीएल की दमकल टीम मौके पर पहुंची।
हालांकि दमकल के पहुंचने से पहले ही ट्रक का काफी हिस्सा और कोयला जल चुका था। दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया। जानकारी के मुताबिक, कई बार साइडिंग से जलता हुआ या गर्म कोयला लोड किया जाता है। इस कारण पहले भी ट्रकों में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। चालक ने घटना की सूचना कंपनी को दी, जिसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और आगे की कार्रवाई की। बता दें कि इससे पहले गेवरा खदान में कोयला चोरी के दौरान दो युवकों की मौत और एक के घायल होने की घटना हुई थी। ये घटनाएं खदान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।