पानी के बोरवेल में से अचानक निकलने लगी आग, हैरान रह गए लोग

पन्ना: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में आने वाले झुमटा गांव (Jhumta Village) में एक अनोखी घटना देखने को मिली है. यहां पर बोरवेल (Borewell) से ज्वलनशील गैस का रिसाव हो रहा है. यह घटना गांववालों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं. इसके बाद गांववालों को समझाकर उन्हें आग से दूर रहने की सलाह दी है.
लगभग15 दिन पूर्व यहां सरकारी विद्यालय परिसर में पानी के लिए बोरवेल कराया जा रहा था. इस दौरान यहां पर ज्वलनशील गैस निकलने की वजह से आग भड़क उठी थी. प्रशासन ने दमकल की मदद से आग पर नियंत्रण पाया. इसके बाद देहरादून से विशेषज्ञों की एक टीम बुलवाई गई. विशेषज्ञों की टीम ने गैस और पानी का परीक्षण कर सुरक्षा के लिए बोर में एक बड़ी चिमनी लगाई है. इसके ऊपरी हिस्से में आग निकलती दिखायी देती है.
इस घटना के बाद दो-तीन दिन पूर्व गांव के अन्य कई बोरवेल से भी गैस रिसाव की जानकारी मिली थी. इस पर शनिवार को पन्ना कलेक्टर संजय मिश्रा और पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा गांव पहुंचे. अधिकारियों ने यहां पर गांव वालों की चौपाल लगाकर उनकी बात सुनी और समझाया. कलेक्टर ने कहा कि गांव में जिन-जिन बोरवेल से गैस निकल रही है, गांववाले उनसे पर्याप्त दूरी बनाकर रखें. इसके साथ ही कोई भी ज्वलनशील वस्तु बोरवेल के पास नहीं ले जाएं. आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, विशेषज्ञों की एक टीम जल्द ही फिर से गांव पहुंचेगी. यह सारे बोरवेल की जांच करेगी. साथ ही यह भी ग्रामीणों से कहा गया है कि कुछ देर के बाद गैस का रिसाव बंद होने की संभावना है.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *