राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज यानी सोमवार को विभिन्न राज्यों के पद्म पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित कर रहे हैं। इस दौरान सबसे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली और सुषमा स्वराज को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। वहीं दूसरी तरफ खेल जगत से बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू को पद्म भूषण व फिल्म जगत में अभिनेत्री कंगना रनौत और गायक अदनान सामी को पद्म श्री से सम्मानित किया गया है। आप सभी को बता दें कि राष्ट्रपति भवन के ऐतिहासिक दरबार हाल में आयोजित भव्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम करने वाले 141 लोगों को साल 2020 के लिए आज सम्मानित किया जा रहा है। कल यानी मंगलवार को 119 लोगों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने एयर मार्शल डा पदमा बंदोपाध्याय (सेवानिवृत्त) को चिकित्सा के क्षेत्र में पद्म श्री पुरस्कार दिया। आपको बता दें कि वह भारत की पहली महिला एयर मार्शल हैं। वहीं उनके अलावा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आइसीएमआर के पूर्व प्रमुख साइंटिस्ट डाक्टर रमन गंगाखेडकर को भी पद्म श्री से सम्मानित किया। इसी के साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने हाकी खिलाड़ी रानी रामपाल को पद्म श्री पुरस्कार 2020 से सम्मानित किया। वहीं उन्होंने शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र को भी पद्म विभूषण से सम्मानित किया।