अमेठी। लोकसभा चुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए है। इस बीच उत्तर प्रदेशसे एक बड़ी खबर सामने आई हैं। अमेठी से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी चुनाव हार गई हैं। उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी केएल शर्मा ने शिकस्त दी है।
अमेठी लोकसभा सीट पर 20 मई को पांचवे चरण में मतदान हुए। इस सीट से भारतीय जनता पार्टी ने वर्तमान सांसद स्मृति ईरानी को एक बार फिर चुनावी मैदान में उतारा था। जबकि कांग्रेस ने किशोरी लाल शर्मा को टिकट दिया, वहीं बहुजन समाज पार्टी ने नन्हें चौहान को उम्मीदवार बनाया था।
किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि अमेठी की जीत गांधी परिवार और यहां के जनता की जीत है। मैं नहीं बल्कि यहां की जनता चुनाव लड़ी। असली काम जनता ने किया है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खड़गे ने मेरे लिए चुनाव प्रचार किया। मैं उनके विश्वास पर खरा उतरा, इन सभी का धन्यवाद।
वहीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स (X) पर पोस्ट कर लिखा- किशोरी भैया, मुझे कभी कोई शक नहीं था, मुझे शुरू से यक़ीन था कि आप जीतोगे। आपको और अमेठी के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई।