लखनऊ: सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के लोगों को मंगलवार (26 अक्टूबर 2021) को दो बड़े ऐलान किए हैं। एक तो आम आदमी पर कोरोना महामारी के संकट काल में दर्ज हुए तीन लाख से अधिक मुकदमों की वापसी का आदेश जारी कर दिया, दूसरी तरफ बेमौसम बरसात और बाढ़ से तबाह फसलों का 90 हजार से अधिक किसानों को 35 जिलों में मुआवजा देने के लिए 30.54 करोड़ रुपए की धनराशि जारी की है।
योगी सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए कोरोना काल में आम जनता पर दर्ज लाखों अपराधिक केस वापस लेने का फैसला लिया है। इससे संबंधित आदेश न्याय विभाग द्वारा मंगलवार को जारी कर दिया गया है। मौजूदा या पूर्व सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य इस दायरे से बाहर रखे गए हैं। इनके मामले में उच्च न्यायालय की मंजूरी से ही अलग से विचार किया जाएगा। कानून मंत्री बृजेश पाठक ने बताया कि कोरोना प्रोटोकाल व लॉकडाउन के उल्लंघन में दर्ज केस वापस लेने के लिए सभी जिला मजिस्ट्रेट से लिखित रूप से कहा गया है।