पंजाब में फिर बढ़ा सियासी पारा, दिल्ली बुलाए गए सिद्धू.. कैप्टन करेंगे प्रेस वार्ता

नई दिल्ली: पंजाब में एक बार फिर से सियासी पारा चढ़ना लगा है। इस राजनितिक उथलपुथल का कारण है, पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह और कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू। कैप्टन अमरिंदर के सलाहकार रवीन ठुकराल ने ट्वीट करते हुए जानकारी दी है कि कल यानी बुधवार को कैप्टन सुबह प्रेस वार्ता करेंगे। बताया जा रहा है कि इस प्रेस वार्ता में कैप्टन अपनी नई पार्टी की घोषणा कर सकते हैं।
इस बीच, दिल्ली से खबर है कि कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को तलब किया है। सिद्धू आज दिल्ली पहुंच रहे हैं। बता दें कि सिद्धू ने पहले कैप्टन को सीएम पद से हटवाया और फिर चरनजीत चन्नी के मुख्यमंत्री बनने के बाद भी अपनी न सुनी जाने का इल्जाम लगाते हुए कांग्रेस प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। बाद में तत्कालीन प्रभारी हरीश रावत के साथ बातचीत और दिल्ली आकर पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद सिद्धू ने इस्तीफा वापस ले लिया था। सूत्रों के अनुसार, सिद्धू अब भी कई कदम न उठाए जाने से सीएम चन्नी से नाराज़ हैं और कांग्रेस हाईकमान से बात करने की इच्छा जाहिर की थी। इस पर उन्हें दिल्ली बुलाया गया है।
वहीं, कांग्रेस के शीर्ष नेता इस पर नजर लगाए हुए हैं कि कैप्टन अमरिंदर सिंह बुधवार को प्रेस वार्ता में क्या कहेंगे। जिस तरह ट्वीट किया गया है, उससे स्पष्ट लग रहा है कि कैप्टन अपनी नई पार्टी की घोषणा कर सकते हैं। अमरिंदर ने बीते दिनों कहा था कि वो नई पार्टी बनाएंगे और यदि कृषि कानूनों के बारे में भाजपा और केंद्र की सरकार सकारात्मक फैसला करती है, तो पंजाब के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के अलावा अन्य अकाली धड़ों के साथ गठबंधन करेंगे। इस कारण भी कांग्रेस की चिंता बढ़ गई है। क्योंकि, यदि केंद्र सरकार ने कृषि कानून वापस ले लिए, तो पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह को वो हीरो बना देगी। ऐसे में पंजाब को दोबारा जीतने में कांग्रेस के पसीने छूट सकते हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *