भारत में कोरोना का खतरा एक बार फिर बढ़ने लगा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना के 7633 मरीज सामने आए हैं। इस दौरान 6,702 मरीज ठीक हुए हैं। अभी देशभर में 61,233 एक्टिव मरीज हैं।
इस बीच, कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर नया खुलासा हुआ है। भारत में XBB1.16.1 सब-वेरिएंट के लगभग 436 मामलों का पता चला है। पीटीआई की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि अब तक सबवैरिएंट के ये सभी मामले दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और हरियाणा सहित 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पाए गए हैं। XBB1.16.1, Omicron का एक वेरिएंट है। इसका पहला केस जनवरी 2023 में पाया गया था।
सोमवार को मिले थे कोरोना के 9,111 नए मामले
इससे पहले सोमवार को देश में एक दिन में कोरोना के 9,111 नए मामले मिले थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया था कि कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 60,313 हो गई है। कोरोना से 27 लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 5,31,141 हो गई थी। कोरोना से गुजरात में छह, उत्तर प्रदेश में चार, दिल्ली और राजस्थान तीन-तीन, महाराष्ट्र में दो मौतें हुई थी। बिहार, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, केरल और तमिलनाडु में एक-एक मौत की सूचना मिली थी।