बदायूं में मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबे 4 लोग, जश्न में पसरा मातम

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं के कोतवाली उझानी क्षेत्र स्थित कछला गंगा घाट पर प्रतिमा विसर्जन करने के लिए आए 6 लोग गहरे पानी में डूब गए. इनमें से दो को तो सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि 4 लोगों का पता नहीं चल सका है. इनको ढूंढने के लिए पुलिस द्वारा लगातार बचाव अभियान चलाया जा रहा है.
अचानक हुई इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया और लोगों का जमावड़ा लग गया. पुलिस व स्थानीय गोताखोरों द्वारा बचाव अभियान के तमाम प्रयासों के बाद भी 4 लोगों का पता नहीं चल पाया है. बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ओपी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया है कि बीती शाम फीरोजाबाद जनपद के मोहल्ला नाहर से एक परिवार प्रतिमा विसर्जन के लिए आया था. दीपक गुप्ता (45), कुनाल शर्मा (17), भोला उर्फ भोलेनाथ (15) व रामू (35) सहित दर्जन भर लोग शुक्रवार शाम को कछला गंगा तट पर मूर्ति विसर्जन करने पहुंचे थे.
इस दौरान गंगा के तेज बहाव के चलते छह लोग पानी में बह गए जिनमें से दो लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि 4 लोगों का कहीं पता नहीं चल पाया है. मौके पर PAC के अलावा गोताखोरों की कई टुकड़ियां अंधेरा होने तक शव बरामद करने की कोशिश करती रहीं, मगर सफलता हाथ नहीं लगी. SSP डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि आज सुबह से शवों की बरामदगी के लिए पुनः बचाव अभियान चलाया जा रहा है और उम्मीद है कि बहुत ही जल्दी दीपक, कुणाल,भोला उर्फ भोलेनाथ एवं रामू के शव मिल जाएंगे.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *