दुर्ग। व्यापमं द्वारा रविवार को महिला बाल विकास विभाग के लिए पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें दुर्ग जिले में बनाए गए 113 केंद्र में करीब 34 हजार परीक्षार्थी उपस्थित रहे। जबकि छह हजार से अधिक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा कोरोना बचाव के लिए बनाए गए नियमों के अंतर्गत ली गई। जबकि द्वितीय पाली में परिसीमित भर्ती परीक्षा आयोजित की गई।
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (सीजी व्यापमं) द्वारा 23 जनवरी को महिला बाल विकास विभाग के लिए पर्यवेक्षक परीक्षा 2021 का आयोजन किया गया। परीक्षा के लिए प्रदेश भर सहित दुर्ग जिले में भी केंद्र बनाए गए थे। अधिकारियों ने बताया कि दुर्ग जिले में विभिन्ना विद्यालयों, महाविद्यालयों सहित कुल एक सौ 13 केंद्र बनाए गए थे।
दुर्ग जिले के परीक्षा केंद्रों में कुल 39 हजार नौ सौ 79 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए पंजीकृत थे। इन पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 33 हजार आठ सौ 70 अभ्यार्थी उपस्थित रहे। इसी प्रकार से छह हजार एक सौ नौ अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा पहली पारी में सुबह नौ से सवा बारह बजे तक आयोजित हुई।