विदेश से पहुंचे 24 यात्री, सभी आइसोलेट

बिलासपुर। कोरोना वायरस के खतरनाक वैरिएंट ओमिक्रोन से बचने के लिए विदेश से आने वाले हर व्यक्ति को निगरानी में लिया जा रहा है। शुक्रवार के विदेशों से 24 लोग पहुंचे हैं। इनका आरटीपीसीआर सैंपल लेकर सात दिनों के लिए होम आइसोलेट कर दिया गया है।
देश में लगातार कोरोना वायरस के खतरनाक वैरिएंट ओमिक्रोन से संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। मौजूदा स्थिति में 12 प्रदेश में मरीज मिल चुके हैं। ऐसे में इस वैरिएंट के फैलने की आशंका और भी बढ़ गई है। इसके फैलाव को रोकने के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसके तहत विदेश से आने वाले हर व्यक्ति को निगरानी में रखा जा रहा है। साथ ही आरटीपीसीआर जांच के लिए एयरपोर्ट में ही सैंपल लिया जा रहा है। इसी के तहत शुक्रवार को विदेश से 24 लोग पहुंचे हैं। हालांकि कोई भी कोरोना पाजिटिव नहीं मिला है। इसके बाद भी गाइडलाइन के मुताबिक इन्हें होम आइसोलेशन में लेकर निगरानी में रखा गया है।
अब तक 130 लोग पहुंचे
जिले में 17 नवंबर से 17 दिसंबर तक विदेश से 130 लोग पहुंचे है। इसमें अभी तक तीन कोरोना पाजिटिव मिले हैं। इसमें से दो की रिपोर्ट भुवनेश्वर से आ चुकी है। उन्हें नए वेरिएंट ओमिक्रोन से संक्रमित नहीं पाया गया है। एक की रिपोर्ट नहीं मिली है। इसमें से 100 ने होम आइसोलेशन के अवधि पूरी कर ली है। सभी स्वस्थ हैं।
इन देशों से पहुंचे
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शुक्रवार को अमेरिका, दुबई, रूस, इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया, श्रीलंका, मलेशिया आदि देशों से लोग जिले में पहुंचे हैं। इनमें से कुछ देशों में नया वेरियंट लगातार फैल रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *