श्री श्री आनन्दमूर्ति जी” का 101वां जन्मोत्सव

आनन्द मार्ग की रायपुर शाखा द्वारा आनन्द मार्ग दर्शन के प्रणेता भगवान् “श्री श्री आनन्दमूर्ति” जी के आविर्भाव दिवस के अवसर पर 15 मई की सुबह 5:30 बजे “बाबा नाम केवलम” की धुन पर रायपुर ज़िले के आनन्दमार्गियों के द्वारा 24 घण्टे का अखण्ड कीर्तन प्रारम्भ किया गया जो कि 16 मई की सुबह 5:30 तक किया जाएगा। यह अष्टाक्षरी सिद्ध मन्त्र है और आनन्दमार्गियों का कहना है कि इस मन्त्र को जपने से व्यष्टिगत, पारिवारिक और सामाजिक समस्याओं का समाधान हो जाता है, सभी का कल्याण होता है। आनन्दमार्ग लगभग 180 देशों में भारतीय संस्कृति पर आधारित भागवत धर्म का प्रचार कर रहा है और आज के दिन सारी दुनिया के मार्गी गुरुदेव “श्री श्री आनन्दमूर्ति” का जन्म दिन बड़े धूम धाम से मना रहे हैं।
इसी सिलसिले में स्कूल के प्रांगण में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर  की व्यवस्था भी गई है, जहां नगर के प्रतिष्ठित डॉक्टर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। शाम 04:00 बजे से रायपुर ज़िले से आए लगभग 500 आनन्दमार्गियों ने “बाबा नाम केवलम” की धुन पर शालीनता से कीर्तन गाते हुए शहीद विद्याचरण शुक्ल चौक के पास स्थित आनन्द मार्ग हाई स्कूल से शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा स्कूल से निकल कर नगर  निगम कार्यालय के सामने से होते हुए पुलिस ग्राउंड चौक तक गई और वहां से वापस होते हुए सिटी कोतवाली से हो कर छोटा पारा होते हुए स्कूल में आ कर समाप्त हुई। शोभायात्रा में लगभग 300 युवक-युवतियां, वयस्क पुरुष -महिलाएं सभी शामिल थे। अधिकांश लोगों के हाथों में “मानव मानव एक है, मानव का धर्म एक है”, ” विश्व बन्धुत्व क़ायम हो”, “दुनिया के नैतिकवादायों एक हो”, “एक चूल्हा एक चौका एक है मानव समाज”, ” भगवान श्री श्री आनन्दमूर्त्ति की जय” और “जात-पात की करो विदाई–मानव मानव भाई भाई” जैसी प्रेरणादायक तख्तियां थीं। रैली में शामिल सभी लोग बड़े अनुशासित ढंग से सड़कों के बाएं तरफ चल रहे थे और तख्तियों पर लिखे नारे लगा रहे थे। देश में साम्प्रदायिक सद्भावना

को छिन्न-भिन्न करने का आजकल जो दुश्चक्र चल रहा है, उस परिपेक्ष्य में आनन्दमार्गियों की शोभायात्रा आम नागरिक के मन में सद्भावना पैदा करती है और यह आशा जगाती हैं कि आज भी इस देश में ऐसा संगठन है जो सभी को साथ लेकर चलने के आदर्श पर क़ायम है। आनन्द मार्ग रायपुर भुक्ति के भुक्ति-प्रधान चन्द्रशेखर ने एक बातचीत के दौरान बतलाया कि इस अवसर पर आनन्द मार्ग के आदर्श को छात्तीसगढ़ के ग्रामीण स्तर तक फैलाने को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा।
कार्यक्रम के अनुसार 16 मई की दोपहर में स्कूल के सामने नारायण सेवा  की व्यवस्था की जाएगी जिसमें 2000 से अधिक लोगों को भोजन कराया जाएगा। 16 मई को नगर के वृन्दावन हाल में सुबह 10:00 से लेकर दोपहर 02:00 तक विचार गोष्ठि आयोजित की गई है जिसमें “श्री श्री आनन्दमूर्ति जी के मानवता को अवदान” विषय पर नगर के ख्यातनाम डॉ. सत्यजीत साहू और आनन्द मार्ग के वरिष्ठ सन्यासी आचार्य अनिमेषानन्द अवधूत अपने विचार रखेंगे। इन दोनों के व्याख्यान को लेकर श्रोताओं से प्रश्न भी आमन्त्रित किये जाएंगे और उन प्रश्नों का यथासम्भव समाधान भी प्रस्तुत किया जाएगा। आचार्य अर्पितानन्द अवधूत अध्यक्षीय भाषण देंगे। उपरोक्त व्याख्यान के दौरान आनन्द मार्ग स्कूल के छात्र -छात्राओं के द्वारा प्रभात संगीत पर आधारित नृत्य-नाटिका भी प्रस्तुत की जाएगी। इस कार्यक्रम में रायपुर ज़िले के लगभग 500 आनन्दमार्गियों के सम्मिलित होने की सम्भावना है

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *