सरगुजा संभाग का मौसम फिर बिगड़ने का अनुमान

अंबिकापुर। कड़ाके की ठंड के बीच एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। गुरुवार को सुबह से अच्छी धूप निकलने के कारण लोगों को थोड़ी राहत मिली थी। काफी दिनों बाद लोग सुबह से शाम तक धूप सेकते नजर आए किंतु एक बार फिर 48 घंटे बाद सरगुजा संभाग ही नहीं पूरे प्रदेश के मौसम में परिवर्तन आने वाला है। एक बड़ा विक्षोभ आ रहा है सरगुजा सहित पूरे प्रदेश का मौसम बिगड़ सकता है। गरज चमक के साथ बारिश व ओलावृष्टि भी हो सकती है।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक प्रदेश में हवाओं की दिशा में परिवर्तन हो गया है।उत्तर छत्तीसगढ़ में उत्तर-पूर्व तथा दक्षिण छग में दक्षिण-पश्चिम से हवाओं का आगमन प्रारंभ हो गया है। इसके कारण प्रदेश में 21 जनवरी से 23 जनवरी न्युनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की सम्भावना है,जबकि अधिकतम तापमान में 22 जनवरी तक एक से दो डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की सम्भावना है। इसके बाद प्रदेश में बादल छाने व वर्षा का दौर प्रारंभ होने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट होने की प्रबल संभावना है। सरगुजा संभाग में शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है पर 22 जनवरी को शाम से सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने व किसी किसी इलाके में ओलावृष्टि भी हो सकती है। 23 जनवरी को सरगुजा और बिलासपुर सम्भाग के जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा अनेक स्थानों पर होने की सम्भावना है। एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है।

दुर्ग और रायपुर संभाग के उत्तर में स्थित जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। 24 जनवरी को सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में हल्की वर्षा होने की होगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *