दुर्ग। जिले में कोरोना से होने वाली मौतों का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। बुधवार को सात लोगों की मौत हुई है। मृतकों की उम्र 60 प्लस से अधिक होना बताया जा रहा है। लेकिन निरंतर होने वाली मौतों ने विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
जिला स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को जिले में 2203 लोगों की कोरोना जांच कराई गई। जिसमें 273 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। जिले के भिलाई, दुर्ग, रिसाली, कुम्हारी, चरोदा क्षेत्र में अभी भी बड़ी संख्या में नए संक्रमित मरीज मिले हैं।
पुराने संक्रमितों मरीजों में से 392 मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। लेकिन कोरोना से बड़ी सख्या में लोगों की मौत हो गई। बुधवार को जिले में कोरोना संक्रमण से सात लोगों की मौत हुई है। इनका इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा था। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. गंभीर सिंह ठाकुर ने बताया कि सभी मृतकों की आयु 60 वर्ष से अधिक है।
ये कोरोना के अलावा अन्य बीमारियों से भी पीड़ित थे। उल्लेखनीय है कि जिले में पखवाड़े भर से कोरोना से मौत हो रही है। बुधवार से पहले प्रतिदिन होने वाली मौत का आंकड़ा दो से पांच तक था, लेकिन यह संख्या बढ़कर सात तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना से बचाव के लिए लोगों को जल्द से जल्द वैक्सीन लगवाए जाने की सलाह दी जा रही है। इसके अलावा कोरोना गाइड लाइन का पालन भी करने कहा जा रहा है।