नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी रहने के बीच भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने दोनों देशों के रिश्तों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जिन करीब 35 वैश्विक नेताओं से मिलना चाहेंगे, उनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनकी पहली पसंद हो सकते हैं।
सर्जियो गोर ने भारत-अमेरिका की मजबूत होती साझेदारी की तारीफ करते हुए कहा कि दुनिया के कई देश दोनों देशों के मजबूत रिश्तों से ईर्ष्या करते हैं। हालांकि, जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप और मोदी के बीच अलग से द्विपक्षीय बैठक की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
ट्रंप पीएम मोदी को मानते हैं अपना मित्र
अमेरिकी राजदूत ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप प्रधानमंत्री मोदी को अपना मित्र मानते हैं और 2020 की अपनी भारत यात्रा को अब भी याद करते हैं। उन्होंने संकेत दिया कि ट्रंप की आगामी भारत यात्रा केवल किसी बहुपक्षीय बैठक तक सीमित नहीं रह सकती।
गोर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में दोनों नेताओं के बीच मुलाकात इससे कहीं आगे बढ़ सकती है। हालांकि, यात्रा और बैठक से जुड़ी किसी आधिकारिक घोषणा की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
ट्रेड डील को लेकर क्या बोले सर्जियो गोर?
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते पर सर्जियो गोर ने कहा कि दोनों देश डील के काफी करीब हैं। उन्होंने बताया कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले के बाद समझौते से जुड़े कुछ मुद्दों पर दोबारा काम किया जा रहा है।
दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए बातचीत कई महीनों से जारी है।
क्वाड बैठक को बताया महत्वपूर्ण
दिल्ली में हुई क्वाड शेरपा बैठक को भी सर्जियो गोर ने महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका, भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया के प्रतिनिधियों का एक साथ बैठना जरूरी था। उन्होंने चारों देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।