बिलासपुर: संक्रमण के दायरे में बच्चे, पांच से 15 साल तक के लिए संवेदनशील

बिलासपुर । कोरोना महामारी धीरे-धीरे पैर पसारने लगी है। जिले में रोजाना औसतन 400 से 500 मरीज मिल रहे हैं। लेकिन, इन सबके बीच बच्चे भी कोरोना से लगातार संक्रमित होते जा रहे हैं। जनवरी के 14 दिन के भीतर शून्य से 17 साल तक के 253 बच्चे कोरोना से संक्रमित हुए हैं। इसमे भी पांच से 14 साल तक के बच्चे ज्यादा है। आकड़ों के मुताबिक इस आयु वर्ग के 146 बच्चे अभी तक संक्रमित हो चुके हैं और यह सिलसिला लगातार जारी है।

15 से 17 साल तक के किशोर व किशोरी तो कोरोना का पहला टीका लेकर सुरक्षा दायरे में आते जा रहे हैं। ऐसे में इस वर्ग के बच्चों के संक्रमित होने की दर में गिरावट आ रही है। वहीं शून्य से पांच साल तक के बच्चों को घरों में विशेष सुरक्षा में रखा जा रहा है। परिणाम स्वरूप ये भी कम संख्या में कोरोना से संक्रमित हो रहे हैं। दिक्कत पांच से 14 साल तक के बच्चों की है, क्योंकि ये किसी न किसी बहाने से घर से बाहर निकल रहे हैं और जाने अनजाने में कोरोना से संक्रमित हो रहे हैं।
यह बात रोजाना अपडेट हो रही संक्रमितों की संख्या से स्पष्ट हो रही है। जनवरी के 14 दिन में इस आयु वर्ग में रोजाना औसतन आठ से 10 बच्चे संक्रमित हो रहे हैं। इसने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ाकर रख दी है। संक्रमण के मामलों को देखते हुए भी स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बच्चों को सुरक्षित रखा जाए। साथ ही घर के सभी सदस्यों का टीकाकरण कराया जाए, ताकि बच्चों के संक्रमित होने की आशंका कम हो सके।
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *