घूम-घूमकर ‘द कश्मीर फाइल्स’ को देखने के लिए लोगों को संदेश देता दिखा शख्स

विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में बनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को बॉलीवुड की ऐतिहासिक फिल्म के तौर पर देखा जा रहा है। यही वजह है जो फिल्म की हर ओर चर्चा सुनने को मिल रही है। फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ में 90 के दशक में कश्मीरी पंडितों के साथ हुए अत्याचार पर आधारित है। सरकार से लेकर आम दर्शक तक, हर कोई इस फिल्म की तारीफ कर रहा है।

इतना ही नहीं फिल्म देख चुके दर्शक अन्य लोगों को ‘द कश्मीर फाइल्स’ देखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक शख्स भगवान शिव का रूप धारण किए लोगों को फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ देखने के लिए प्रेरित कर रहा है। शख्स के इस वीडियो को फिल्म के अभिनेता अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

अनुपम खेर सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। वह अपने फैंस से जुड़े रहने के लिए अपनी खास पोस्ट भी शेयर करते रहते हैं। अनुपम खेर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक शख्स का वीडियो शेयर किया है। वीडियो में वह शख्स भगवान शिव की तरह खुद के लुक को किए बाइक चलाता दिखाई दे रहे हैं। इस शख्स के पीछे बैठे उसके दोस्त ने एक बैनर पकड़ा हुआ है।

इस बैनर पर ‘द कश्मीर फाइल्स’ जरूर देखने का संदेश दिया गया है। इस वीडियो को शेयर करते हुए अनुपम खेर ने खास पोस्ट भी लिखा है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, नीले रंग में शिव के रूप में बने युवा भारतीयों को द कश्मीर फाइल्स देखने का आग्रह करते हुए देखना बहुत अद्भुत है। हमारी द कश्मीर फाइल्स नरसंहार पर आधारित फिल्म! इस बार दुनिया में कहीं भी आतंकवाद के शिकार लोगों का दर्द लोगों को जोड़ रहा है। फिल्म अब एक आंदोलन बन गई है।’

सोशल मीडिया पर अनुपम खेर का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। अभिनेता के फैंस वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं। साथ ही कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। आपको बता दें कि फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ कश्मीरी पंडितों के नरसंहार और विस्थापन पर आधारित है। जिसकी वजह से यह फिल्म खूब चर्चा में बनी हुई है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हाल ही में फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ की काफी तारीफ की है। यह फिल्म 11 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में अनुपम खेर, पल्लवी जोशी और मिथुन चक्रवर्ती सहित कई कलाकार मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ का निर्देशन विवके अग्निहोत्री ने किया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *