मोहला। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू किए जाने और इसके प्रारूप को तैयार करने की दिशा में शासन द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति की उपस्थिति में परिचयात्मक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक 9 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे जिला पंचायत राजनांदगांव के सभाकक्ष में होगी।
बैठक में समान नागरिक संहिता के विभिन्न प्रावधानों और इसके संभावित प्रभावों को लेकर समूह चर्चा एवं विचार-विमर्श किया जाएगा। इसका उद्देश्य संबंधित विषयों पर संगठन प्रमुखों को जानकारी उपलब्ध कराना और परिचयात्मक चर्चा के माध्यम से विचार साझा करना है।
बैठक में राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों के संगठन प्रमुखों को आमंत्रित किया गया है। सभी संबंधित संगठन प्रमुखों से बैठक में उपस्थित होकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
संबंधित जिलों के संगठन प्रमुखों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए सी.एल. मारकंडे, अपर कलेक्टर राजनांदगांव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। बैठक के दौरान समान नागरिक संहिता से जुड़े प्रावधानों, संभावित प्रभावों और आगे की प्रक्रिया को लेकर चर्चा की जाएगी।