शिक्षक दिवस पर ‘साइबर शिक्षक’ बनी तिल्दा-नेवरा पुलिस, छात्रों को बताए ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके

तिल्दा-नेवरा। शिक्षक दिवस के अवसर पर तिल्दा-नेवरा पुलिस ने विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर ‘साइबर शिक्षक’ की भूमिका निभाई। थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में आयोजित साइबर जागरूकता अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के जरूरी उपाय बताए गए।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, अनजान एपीके फाइल और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की जानकारी दी। विद्यार्थियों को समझाया गया कि ओटीपी, पिन, पासवर्ड और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

पुलिस ने मोबाइल एप्लीकेशन केवल अधिकृत प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से डाउनलोड करने की सलाह दी। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध वीडियो कॉल का जवाब देने से बचने के लिए भी जागरूक किया गया।

साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत

पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। पुलिस ने विद्यार्थियों से खुद साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।

पुलिस स्टाफ ने विद्यार्थियों से किया संवाद

कार्यक्रम में थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी सहित थाना तिल्दा-नेवरा का समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का समापन “साइबर शिक्षा से ही साइबर सुरक्षा” के संदेश के साथ हुआ।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *