दलीप ट्रॉफी फाइनल में भी गरजा ‘पडिक्कल पावर’, श्रीलंका के 2 शतकों के बाद अब ठोका शानदार अर्धशतक

चेन्नई  | भारतीय युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल इन दिनों शानदार फॉर्म में हैं। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में लगातार दो शतक जड़ने के बाद अब पडिक्कल ने दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में भी दमदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जमाया। साउथ जोन की ओर से खेलते हुए उन्होंने ईस्ट जोन के खिलाफ 62 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।

एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे खिताबी मुकाबले के तीसरे दिन नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे पडिक्कल ने 104 गेंदों का सामना किया और चार चौकों की मदद से 62 रन बनाए।

पडिक्कल ने दो अहम साझेदारियां कीं

पडिक्कल ने पारी के दौरान धैर्य और आक्रामकता का शानदार संतुलन दिखाया। उन्होंने एन. जगदीशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की। इसके बाद शेख रशीद के साथ तीसरे विकेट के लिए 56 रन जोड़े। इन साझेदारियों से साउथ जोन को पारी संभालने में मदद मिली।

पडिक्कल क्रीज पर अच्छी लय में नजर आ रहे थे और उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन 36वें ओवर में तेज गेंदबाज मुकेश कुमार की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वह अपना विकेट गंवा बैठे। बाउंड्री के पास स्थानापन्न खिलाड़ी डेनिश दास ने उनका कैच लपक लिया।

श्रीलंका में भी किया था शानदार प्रदर्शन

दलीप ट्रॉफी फाइनल से पहले पडिक्कल श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में लगातार दो शतक जड़कर शानदार लय में आए थे। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था। अब घरेलू क्रिकेट में भी उनकी फॉर्म जारी रहने से भारतीय टेस्ट टीम के लिए उनकी दावेदारी और मजबूत होती नजर आ रही है।

ईस्ट जोन ने खड़ा किया विशाल स्कोर

फाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन का विशाल स्कोर बनाया। टीम के कप्तान ईशान किशन ने 270 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनकी इस पारी ने मुकाबले में ईस्ट जोन को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

ईशान किशन ने इस दौरान दलीप ट्रॉफी में एक खास उपलब्धि भी हासिल की। वह इस टूर्नामेंट में 250 से अधिक रन बनाने वाले भारत के पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज बने। इसके अलावा वह दलीप ट्रॉफी में दोहरा शतक लगाने वाले ईस्ट जोन के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बने।

देवदत्त पडिक्कल की लगातार शानदार पारियां इस बात का संकेत हैं कि वह श्रीलंका के बाद घरेलू क्रिकेट में भी अपनी लय बनाए हुए हैं। ऐसे में आने वाले समय में भारतीय टेस्ट टीम के लिए उनकी दावेदारी पर चयनकर्ताओं की नजर रहना तय है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *