43 गांवों में रोशनी की सौगात, हाई मास्ट लाइट के लिए 2.06 करोड़ मंजूर

रायपुर। बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों और सार्वजनिक स्थलों में अब रात के अंधेरे से राहत मिलेगी। राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा की अनुशंसा पर क्षेत्र में हाई मास्ट लाइट लगाने के लिए 2 करोड़ 6 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।

इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों, चौराहों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर हाई मास्ट लाइटें स्थापित की जाएंगी। इससे रात्रिकालीन आवागमन सुगम होने के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं में भी विस्तार होगा। प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त रोशनी होने से असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में भी मदद मिलेगी।

बलौदाबाजार जनपद के 13 गांवों में जगमगाएंगी लाइटें

प्रशासकीय स्वीकृति के अनुसार जनपद पंचायत बलौदाबाजार के अंतर्गत ग्राम देवरी, लिमाही, भद्रापाली, गैतरा, भरसेली, सरकीपार, कोकड़ी, भाटागांव और चरोटी सहित विभिन्न स्थानों पर हाई मास्ट लाइट लगाई जाएगी। इसके लिए अलग-अलग स्थानों के अनुसार 2 लाख से 5 लाख रुपये तक की राशि स्वीकृत की गई है।

तिल्दा और सिमगा की 30 ग्राम पंचायतों को 1.50 करोड़

योजना के तहत रायपुर जिले के तिल्दा और बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा विकासखंड की 15-15 ग्राम पंचायतों, यानी कुल 30 ग्राम पंचायतों के लिए 1.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत में 5-5 हाई मास्ट लाइट लगाने के लिए 5 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है।

तिल्दा विकासखंड की लाभान्वित ग्राम पंचायतों में सरारीडीह, खपरीकला, मोहगांव, निनवा, खैरखुट, चांपा, जोता, भुरसदा, सड्डू, सिनोधा, कोटा, भिलौनी, छपोरा, टोहडा और सतभाँवा शामिल हैं।

वहीं सिमगा विकासखंड की झीपन, भोथाडीह, हिरमी, शिकारी केशली, भालेसुर, रावन, सुहेला, जरौद, नवापारा, जांगड़ा, सकलोर, मोहभट्टा, खिलौरा, बरडीह और कुकराचुंदा ग्राम पंचायतों में हाई मास्ट लाइट स्थापित की जाएगी।

सुरक्षा और सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा

मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता है। हाई मास्ट लाइट की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा और सुविधा का बेहतर वातावरण बनेगा। उन्होंने कहा कि मुख्य चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था होने से रात में आवागमन आसान होगा और गांवों की सुंदरता में भी वृद्धि होगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *