कोरबा में नहर में डूबे 9वीं के छात्र का घटना के 30 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं है। वो रविवार को दोस्तों के साथ नहाने गया था। इसी दौरान गहराई में डूबकर बह गया था। इसके बाद से गोताखोरों की टीम उसकी तलाश में जुटी है। मगर अब तक उसका कुछ पता नहीं चला है। इस बीच सोमवार को नहर से पानी कम कर भी उसकी तलाश की गई है। मामला CSEB चौकी क्षेत्र का है।
रविवार को तलाश करने के बाद जब लड़के का कुछ पता नहीं चला था। इसके बाद सोमवार सुबह से प्रशासन और गोताखोरों की टीम नहर में गई थी। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण उसका पानी कम भी किया गया। मगर सोमवार दिनभर उसका कुछ पता नहीं चला। धीरे-धीरे कर दिनभर बीत गया। अब शाम होने की वजह से गोताखोरों ने रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया था।
घटना के बाद बिलासपुर से NDRF की टीम भी सोमवार शाम को यहां पहुंच गई है। घटना के बाद से ही लड़के के घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं उसके परिजन और पड़ोस के लोग सोमवार को CSEB चौकी गए थे। यहां उन्होंने पुलिस से मांग की है कि नहर का पानी और कम किया जाए। जिससे बच्चे की तलाश जल्द की जा सके।
बुधवारी निवासी शौर्य गुप्ता अपने 4 दोस्तों के साथ रविवार सुबह 11 बजे के आस-पास बाईं तट नहर में नहाने गया हुआ था। उसके दोस्तों ने बताया था कि शौर्य जैसे ही नहर में कूदा वो गहराई में चल गया था। इसके बाद वो आगे बहता हुआ चले गया। ये देखकर उसके दोस्तों ने उसे बचाने के लिए नहर में छलांग भी लगाई। काफी प्रयास किया। मगर वो उसे ढूढ नहीं सके। इसके बाद इस बात की जानकारी उसके परिजनों और पुलिस को दी गई थी।