बिलासपुर में दिन में बढ़ी गर्मी, रात में अब भी ठंड, आज ऐसा रहेगा मौसम

बिलासपुर। न्यायधानी में गर्मी अब पैर पसारने लगी है। 24 घंटे के भीतर दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर सोमवार को 28.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं रात में अभी ठंडक महसूस हो रही है। मौसम विभाग की मानें तो 10 फरवरी तक तापमान में चार से पांच डिग्री की वृद्धि का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में उत्तर से आने वाली हवा घूमकर उत्तर-पूर्व से आने के कारण न्यूनतम तापमान में आठ फरवरी को वृद्धि होने की संभावना है। इसी के साथ अधिकतम तापमान में भी मामूली वृद्धि संभावित है। मंगलवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

वही पेंड्रा रोड में अब भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच चुका है। यहां अब भी शीतलहर जारी है। सुबह देर तक ठंड महसूस की जाती है। इसके बाद जैसे- जैसे समय आगे बढ़ता है, धूप चूभने लगती है और हल्की गर्मी का एहसास होता है। दोपहर में घर के अंदर भी हल्की गर्मी रहती है। फिर शाम ढलने के बाद ठंड शुरू हो जाती है।

इधर लगातार तापमान में हो रहे इस बदलाव का असर सेहत पर भी पड़ रहा है। मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है। इसके चलते शहर के सिम्स और जिला अस्पताल समेत निजी अस्पतालों की ओपीडी में भी मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *