विवाद का बदला लेने के लिए युवक की चाकू गोदकर हत्या, एक गिरफ्तार

भिलाई । पुराने विवाद का बदला लेने के लिए एक युवक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही छावनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को चीरघर में भिजवाया है। वहीं चार में से एक आरोपित को गिरफ्तार भी कर लिया है। बाकि के तीन आरोपितों की अभी भी तलाश जारी है।

उक्त घटना छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-2 श्याम नगर तालाब के पास की है। मंगलवार की शाम करीब साढ;े छह बजे श्याम नगर निवासी राकेश यादव (30) की चार आरोपितों बीनू साहू, जागेश्वर साहू, जितेंद्र साहू और बिंकेश साहू ने चाकू मारकर हत्या कर दी। मोहल्ले में ही वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित वहां से भाग गए। स्थानीय लोगों ने परिवार वालों और पुलिस को जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने चार में से एक आरोपित बिंकेश साहू को गिरफ्तार कर लिया है। बाकि के तीनों आरोपित बीनू साहू, जागेश्वर साहू और जितेंद्र साहू अभी भी फरार हैं। जिनकी अभी भी पतासाजी की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक राकेश यादव ने कुछ महीने पहले बीनू साहू को चाकू मार दिया था। जिस पर छावनी पुलिस ने राकेश यादव के खिलाफ हत्या का प्रयास की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। अभी कुछ दिन पहले ही राकेश यादव जेल से छूटकर आया था। इसके बाद आरोपितों ने बदला लेने के लिए उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक मृतक राकेश यादव अपने भाइयों के साथ खटाल संचालित करता था।

हत्या के दो अन्य मामले अभी तक अनसुलझे

इसके अलावा अभी 10 दिन के भीतर शहर में हत्या की दो अन्य घटनाएं और हुई थी। जिसमें स्मृति नगर चौकी क्षेत्र के पुष्पक नगर झरोखा परिसर के सामने एक व्यक्ति के सिर पर पत्थर पटककर उसकी हत्या कर दी थी। उक्त मामले में अभी तक मृतक की ही पहचान नहीं की जा सकी है। इसके अलावा नेवई थाना क्षेत्र के जवाहर उद्यान में भी एक बुजुर्ग के सिर पर डंडा मारकर उसकी हत्या कर दी थी। घटना के दूसरे दिन मृतक की पहचान सेवानिवृत्त बीएसपी कर्मी शंकर सिंह के रूप में की गई थी। लेकिन, इसमें भी आरोपितों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *