मुख्यमंत्री बघेल ने कहा, भाजपा को जवानों के बलिदान से कोई लेना-देना नहीं

रायपुर। उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ के तीन दिवसीय चुनावी दौरे से राजधानी लौटे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अमर जवान ज्योति को लेकर भाजपा के विरोध पर तीखा हमला बोला है। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि भाजपा को जवानों के बलिदान से कुछ लेना-देना नहीं है। देश की आजादी की लड़ाई में भाजपा के लोग शामिल नहीं थे। वे तो अंग्रेजों की मुखबिरी करते थे। छत्तीसगढ़ में अमर जवान ज्योति बन रही है, तो मैं समझता हूं कि किसी को विरोध नहीं करना चाहिए।

उत्तर प्रदेश के चुनावी माहौल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां भाजपा धर्म और समाजवादी पार्टी जाति के आधार पर वोट मांग रही है। बसपा सुप्रीमो मायावती को अभी प्रचार के लिए ही नहीं निकली हैं। सभी मान रहे हैं कि बसपा वहां भाजपा की बी टीम के रूप में काम कर रही है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस जनता के मुद्दों पर वोट मांग रही है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा किसानों, मजदूरों, युवाओं और रोजगार की बात कर रही हैं।

जनता उनकी बात को समझ भी रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में यह भी नहीं बता पा रही है कि किसानों के लिए क्या किया। अतीत से सीख लेना चाहिए, न कि उसमें जीना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी तीन फरवरी को आ रहे हैं। वे मजदूरों की न्याय योजना का शुभारंभ करेंगे। वर्धा की तर्ज पर नवा रायपुर में गांधी आश्रम का शिलान्यास करेंगे और अमर जवान ज्योति का भूमिपूजन करेंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *