नई दिल्ली । इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान की लगातार दो हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड में शुरू हुए बड़े बदलावों पर पूर्व क्रिकेटर सईद अजमल ने कड़ी नाराजगी जताई है। अजमल ने PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बोर्ड के फैसलों ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के बजाय उन्हें और हतोत्साहित किया है।
पाकिस्तान को लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में पारी और 103 रन से हार मिली थी, जबकि लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने उसे 194 रन से शिकस्त दी। इन लगातार हार के बाद PCB ने तीसरे टेस्ट से पहले टीम में बड़ा फेरबदल किया और सात खिलाड़ियों को बीच सीरीज में पाकिस्तान वापस भेज दिया। इसके अलावा हेड कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी पद से हटा दिया गया।
अजमल ने कहा- बोर्ड ने ही खिलाड़ियों का मनोबल गिराया
PCB प्रमुख मोहसिन नकवी ने बदलावों का बचाव करते हुए कहा था कि खिलाड़ियों को डिमोटिवेट करना सही नहीं है। इसी बयान पर सईद अजमल ने पलटवार किया।
अजमल ने समा टीवी से बातचीत में कहा कि खिलाड़ियों का मनोबल सबसे ज्यादा PCB ने ही गिराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया और कई खिलाड़ियों को अपमानित महसूस कराया गया।
अजमल ने यह भी दावा किया कि आकिब जावेद और माइक हेसन मिलकर टीम से जुड़े फैसलों को नियंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने मौजूदा स्थिति को अहंकार से जोड़ते हुए कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम करीब 10 साल पीछे चली गई है और भविष्य के लिए कोई स्पष्ट योजना नजर नहीं आ रही।
मोहसिन नकवी ने फैसलों का किया बचाव
इससे पहले मोहसिन नकवी ने PCB के फैसलों का बचाव करते हुए कहा था कि हर मैच महत्वपूर्ण है और अगर कोई खिलाड़ी प्रदर्शन नहीं कर रहा है तो उसके विकल्प तलाशने के अलावा कोई रास्ता नहीं है। उन्होंने कहा था कि बदलावों का उद्देश्य खिलाड़ियों को स्थायी रूप से बाहर करना नहीं, बल्कि दूसरे खिलाड़ियों को मौका देना है।
नकवी ने पाकिस्तान क्रिकेट के प्रदर्शन में सुधार का दावा भी किया। उन्होंने कहा कि वनडे में टीम की रैंकिंग आठवें से पांचवें स्थान तक पहुंची है, जबकि माइक हेसन की कोचिंग में टीम ने छह में से चार सीरीज जीती हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय में भी पाकिस्तान की रैंकिंग नौवें से छठे स्थान तक पहुंचने और सफलता दर 24 प्रतिशत से बढ़कर 73 प्रतिशत होने का दावा उन्होंने किया।
लगातार दो हार के बाद बड़ा फेरबदल
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला शुरू होने से पहले PCB ने बड़ा बदलाव किया है। शुरुआती दोनों मैचों में मिली हार के बाद टीम में सात खिलाड़ियों को बाहर करने का फैसला लिया गया।
अब पाकिस्तान टीम के सामने तीसरे टेस्ट में वापसी करने की चुनौती है। वहीं, बोर्ड के फैसलों पर उठ रहे सवालों ने पाकिस्तान क्रिकेट में अंदरूनी मतभेदों और टीम प्रबंधन की रणनीति को लेकर नई बहस छेड़ दी है।