शिक्षक दिवस पर नारायणपुर में शिक्षा का सम्मान, 15 सेवानिवृत्त शिक्षक और 9 शिक्षकों को मिले विशेष पुरस्कार

रायपुर/नारायणपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर नारायणपुर के ए.जी. ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप और राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर उपस्थित रहे।

अनुशासन और संस्कार सफलता की कुंजी : केदार कश्यप

समारोह को संबोधित करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि अनुशासन, संस्कार, धैर्य और संकल्प के साथ शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने परिवार को पहली पाठशाला बताते हुए कहा कि माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान हमारी संस्कृति का मूल आधार है।

मंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए मोबाइल फोन का उपयोग केवल पढ़ाई और ज्ञानवर्धक गतिविधियों के लिए करने तथा इसके दुरुपयोग से बचने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके साथ सेल्फी भी ली।

‘बस्तर के लोक जीवन में वनस्पतियां’ पुस्तक का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान लेखक शिव कुमार पाण्डेय द्वारा अबूझमाड़ की संस्कृति पर आधारित पुस्तक ‘बस्तर के लोक जीवन में वनस्पतियां’ का विमोचन किया गया। पुस्तक में क्षेत्र के लोक जीवन और वनस्पतियों से जुड़े पहलुओं को प्रस्तुत किया गया है।

15 सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान

समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 15 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में सुमेर सिंह मंडावी, उषा किरण बैस और धनसिंह बघेल सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।

इसके अलावा विकासखंड स्तर पर 6 शिक्षकों को शिक्षा दूत पुरस्कार और जिला स्तर पर 3 शिक्षकों को ज्ञानदीप पुरस्कार प्रदान कर उनके योगदान को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रस्थ बघेल, जनपद अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, डीएफओ डॉ. वेंकटेशा एमजी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *